छात्र-शिक्षक हाजिरी में फर्जीवाड़ा उजागर, डायट प्राचार्य ने दिए जांच के आदेश

AURAIYA NEWS: अजीतमल में निपुण आकलन सर्वे के दौरान डायट प्राचार्य जी.एस. राजपूत के औचक निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय कैथोली में छात्र व शिक्षक उपस्थिति में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में दर्ज छात्र संख्या और वास्तविक उपस्थिति में भारी अंतर पाया गया, साथ ही शिक्षकों की नियमित अनुपस्थिति और मिडडे मील में अनियमितता के संकेत भी मिले हैं। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान स्कूल में कुल 40 छात्र पंजीकृत मिले, लेकिन मौके पर केवल 10 छात्र उपस्थित थे। कक्षा-1 में सिर्फ एक छात्र मिला, जबकि कक्षा-2 के सभी छात्र अनुपस्थित पाए गए। वहीं मिडडे मील पंजिका में 27, 28 और 29 जनवरी को क्रमशः 28, 27 और 25 छात्रों की उपस्थिति दर्ज दिखी, जिससे रिकॉर्ड में गड़बड़ी की पुष्टि हुई। बच्चों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से दूध, फल व अन्य पोषक आहार नहीं दिया जा रहा, केवल तहरी, रोटी-सब्जी और दाल-चावल ही मिल रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक आकांक्षा पिछले दो वर्षों से स्कूल में दिखाई नहीं दीं, फिर भी उपस्थिति पंजिका में उनके हस्ताक्षर दर्ज हैं। सहायक अध्यापक संदीप सिंह भी निरीक्षण दिवस पर अनुपस्थित मिले, जबकि रजिस्टर में हस्ताक्षर मौजूद थे। शिक्षामित्र ज्योति दुबे भी दो दिन अनुपस्थित रहीं।डायट प्राचार्य ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट डीएम, बीएसए और महानिदेशक को भेजकर अन्य ब्लॉक के बीईओ से जांच कराकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बीहड़ क्षेत्र के स्कूलों में लंबे समय से निरीक्षण न होने पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *