Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फोटो:पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डा. कैलाश चन्द्र यादव।
ETAWA NEWS: सीबीएसई की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। इन परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, सही रणनीति और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। यदि छात्र-छात्राएं समय रहते योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करें, तो अच्छे अंक प्राप्त करना कठिन नहीं होता। पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डा. कैलाश चन्द्र यादव ने सुझव देते हुए बताया कि सबसे पहले विद्यार्थियों को परीक्षा पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। प्रत्येक विषय के महत्वपूर्ण अध्यायों की सूची बनाकर अध्ययन करना लाभकारी रहता है। एनसीईआरटी की पुस्तकों को आधार बनाकर पढ़ाई करें, क्योंकि प्रश्न अधिकतर इन्हीं पुस्तकों से पूछे जाते हैं। हर अध्याय को समझकर पढ़ें और मुख्य बिंदुओं को संक्षेप में नोट्स के रूप में तैयार करें। नियमित अध्ययन के साथ-साथ समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। एक संतुलित समय-सारिणी बनाकर सभी विषयों को पर्याप्त समय दें। कठिन विषयों को सुबह के समय पढ़ना अधिक प्रभावी होता है, जबकि हल्के विषयों का अभ्यास शाम को किया जा सकता है। प्रतिदिन पुनरावृत्ति अवश्य करें, ताकि पढ़ा हुआ विषय लंबे समय तक याद रहे। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों और सैंपल पेपर का अभ्यास करना अत्यंत आवश्यक है। इससे परीक्षा के प्रश्नों की प्रकृति, समय प्रबंधन और उत्तर लिखने की शैली में सुधार होता है। उत्तर लिखते समय साफ-सुथरी लिखावट, सही प्रस्तुति और निर्धारित शब्द सीमा का ध्यान रखें। परीक्षा की तैयारी के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। संतुलित आहार लें, पर्याप्त नींद लें और बीच-बीच में हल्का व्यायाम या योग करें। तनाव से बचने के लिए सकारात्मक सोच बनाए रखें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। सही दिशा में किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है।