Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

ओपीडी में 200 मरीजों को कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, जांच, बचाव की दी जानकारी
चार कैंसर सर्वाइवर मरीजों को किया गया सम्मानित
PRAYAGRAJ NEWS: नारायण स्वरुप इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस एवं नारायण स्वरुप हॉस्पिटल की ओर से कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अस्पताल एवं नर्सिंग संस्थान के मार्गदर्शन में संचालित किया गया, जिसमें क्षेत्र की जनता एवं अस्पताल में आने वाले मरीजों को कैंसर के प्रति जागरूक करने का व्यापक प्रयास किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन डा सोनिया सिंह, डा राजीव सिंह, डा सेफाली चन्द्रा और डा वंदिता ठाकुर के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से वाद-विवाद प्रतियोगिता, पोस्टर प्रेजेंटेशन, नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता एक्ट के माध्यम से कैंसर से बचाव, कैंसर होने के कारण, प्रारंभिक लक्षण तथा आयुर्वेदिक एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी संदेश दिए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल क्षेत्रीय जनता बल्कि अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल की ओपीडी में लगभग 200 से अधिक मरीजों को कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, जांच एवं बचाव के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. सोनिया सिंह ने महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर जैसे स्तन कैंसर एवं बच्चेदानी (सर्वाइकल ध् यूटेरस) कैंसर पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समय पर जांच, नियमित स्क्रीनिंग एवं जीवनशैली में सुधार से इन कैंसरों से बचाव संभव है। डॉ. राजीव सिंह ने समाज में तेजी से बढ़ते कैंसर के कारणों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, मृदा प्रदूषण तथा असंतुलित खान-पान आज कैंसर के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। उन्होंने कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि तेजी से वजन कम होना, भूख न लगना, लगातार कमजोरी, मल-मूत्र या खांसी-उल्टी में खून आना, बिना दर्द के आवाज में बदलाव, निगलने में कठिनाई, शरीर में गांठ या सूजन तथा लंबे समय तक रहने वाला दर्द जैसे लक्षणों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि यदि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेकर ब्लड टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एफएनएसी और बायोपिक सहित आवश्यक जांचें करानी चाहिए, जिससे कैंसर को प्रारंभिक अवस्था में पकड़कर सफल इलाज संभव हो सके। कार्यक्रम के दौरान चार ऐसे कैंसर सर्वाइवर मरीजों को भी सम्मानित किया गया, जिनका सफल ऑपरेशन हो चुका है और जो आज सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। इन मरीजों की उपस्थिति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के भीतर आशा और आत्मविश्वास का संचार किया। अंत में यह भी बताया गया कि नारायणसुख अस्पताल में कैंसर की जांच एवं उपचार की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जहाँ अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा कैंसर रोगियों का सफलतापूर्वक इलाज किया जा रहा है। अस्पताल भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।