Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR/BINDKI NEWS: जमीयत उलेमा तहसील बिंदकी द्वारा प्रतिभा और परिश्रम को बिना किसी धर्मभेद के सम्मानित करने की एक सराहनीय पहल सामने आई है। जमीयत उलेमा उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी हजरत मौलाना अमीनुल हक अब्दुल्लाह साहब कासमी तथा तहसील अध्यक्ष हजरत मुफ्ती अजीजुर्रहमान साहब कासमी के निर्देश पर तहसील इकाई के पदाधिकारियों ने दो होनहार बेटियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा आठवीं की छात्रा शिफा को साइकिल एवं नगद धनराशि भेंट की गई, जबकि दुबई में आयोजित एशियाई योगासन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली नीतू सिंह को शॉल, स्मृति-चिह्न एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। छात्रा शिफा ने “वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0” के अंतर्गत महान स्वतंत्रता सेनानी एवं परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के जीवन पर उत्कृष्ट लघु निबंध लिखकर देशभर से भाग लेने वाले लगभग 1 करोड़ 92 लाख विद्यार्थियों में से शीर्ष 100 छात्रों में स्थान प्राप्त किया, जिससे क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन हुआ। वहीं नीतू सिंह ने दुबई में आयोजित एशियाई योगासन चैंपियनशिप में 16 देशों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया। उल्लेखनीय है कि नीतू इससे पहले भी चार बार राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक विजेता रह चुकी हैं। इस अवसर पर जमीयत उलेमा तहसील बिंदकी के पदाधिकारियों ने दोनों छात्राओं के अभिभावकों को आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में शिक्षा या प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की आर्थिक कठिनाई आती है, तो संगठन हर संभव सहयोग करेगा। कार्यक्रम ने समाज में बेटियों की शिक्षा, समान अवसर और प्रतिभा के सम्मान का सशक्त संदेश दिया तथा उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की।