सेंट थॉमस स्कूल, कानपुर में सेवा, संवेदना और अनुशासन के साथ वार्षिक मेले का सफल आयोजन

KANPUR NEWS: सेंट थॉमस स्कूल, कानपुर में वार्षिक मेला 2025-26 न केवल आनंद और उत्साह का अवसर बना, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त प्रतीक भी रहा। मेले में कक्षा 4 से ऊपर के विद्यार्थी तथा नर्सरी से कक्षा 3 तक के विद्यार्थियों के अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कुल 18 आकर्षक और सुव्यवस्थित स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वाद, मनोरंजन और सहभागिता का सुंदर संतुलन देखने को मिला। इस उत्सव को विशेष रूप से भूख और बीमारी के विरुद्ध जागरूकता अभियान से जोड़ा गया तथा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए स्वैच्छिक योगदान कर मानवीय सेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरक क्षण माननीय प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ के सजीव प्रसारण का रहा, जिसे परिसर में उपस्थित सभी लोगों ने गंभीरता और एकाग्रता के साथ सुना। यह क्षण विद्यार्थियों के लिए आत्मविश्वास, प्रेरणा और राष्ट्र से जुड़ाव का अनुभव लेकर आया। इस अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और उनके सुशासन पर निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।विद्यालय परिसर में अनुशासन,  सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। शिक्षकगण के मार्गदर्शन में छात्र स्वयंसेवकों ने चार्ट, कूपन बॉक्स आदि बनाकर पूरे आयोजन को सहज और सफल बनाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रद्धेय फादर थॉमस कुमार ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व में संवेदनशीलता, नेतृत्व और सामाजिक चेतना का विकास करते हैं। यह वार्षिक मेला सेंट थॉमस स्कूल, कानपुर की उस शिक्षण दृष्टि को सजीव करता है, जहाँ शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों से जुड़ी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *