Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: आकांक्षी जनपद/आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित संकेतांकों की समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान हथगांव ब्लॉक की सीडीपीओ द्वारा अपने विभाग से संबंधित रिपोर्ट की जानकारी न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जनपद/आकांक्षी ब्लॉक हथगांव के लिए निर्धारित 49 संकेतांकों के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण कराया जाए तथा सभी अनुमन्य जांचें (निर्धारित 4 एएनसी) समय पर कराई जाएं साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण व पोषण सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने टीबी नोटिफिकेशन दर बढ़ाने, टीबी जांच व दवाएं उपलब्ध कराने और निगरानी को और सशक्त बनाए रखने के निर्देश क्षय रोग अधिकारी को दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सरकारी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। वहीं हथगांव ब्लॉक में शुद्ध पेयजल और क्रियाशील शौचालयों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी अद्यतन रिपोर्ट संबंधित पोर्टल पर फीड करने को कहा, जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए कि बीएसएनएल द्वारा लगाए गए भारत नेट की ग्राम पंचायतों में क्रियाशीलता की क्रॉस वेरिफिकेशन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत शेष सड़कों का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।