Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
घायलों में दो महिलाएं शामिल, एम्बुलेंस की देरी पर ग्रामीणों का आक्रोश
SIDHARTHNAGAR NEWS: थाना क्षेत्र के बढ़नी रोड स्थित ग्राम भोपलापुर के पास सोमवार को बोलेरो और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं शामिल हैं। जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालक दिलशाद (22) पुत्र इसरार, निवासी गुरुवाजोत खालसा, सवारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दिलशाद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि वह तीन बहनों में इकलौता भाई और परिवार का एकमात्र सहारा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में सुशीला (40) निवासी खानकोट, थाना इटवा व उर्मिला (35) निवासी माधवनगर, जनपद बलरामपुर गंभीर रूप से घायल हो गईं। बोलेरो चालक जयप्रकाश दीक्षित निवासी मसीना, थाना शोहरतगढ़ को मामूली चोटें आई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बोलेरो चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और 108 एम्बुलेंस सेवा को दी गई, लेकिन सहायता लगभग एक घंटे बाद पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों महिलाओं की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपी चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।