महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही शिव मंदिरों पर भक्तों की उमड़ी भीड़

भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि विधान से की पूजा अर्चना PRAYAGRAJ NEWS:  महाशिवरात्रि पर्व पर कोरांव तहसील क्षेत्र के शिवालयों पर सुबह से ही शिव भक्तों की भीड़ लगने लगी। दोपहर होते-होते सभी शिव मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के लोग भी तैनात किए गए थे। थाना प्रभारी कोरांव राकेश कुमार वर्मा जहां विभिन्न शिव मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे, वहीं प्रत्येक मंदिरों पर पुलिस बल के जवान भी तैनात किए गए थे। यातायात बाधित न हो और शिवरात्रि पर्व पर किसी भी प्रकार की कोई घटनाएं न हो इसके लिए जिला अपराध निरोधक समिति के थाना कमेटी प्रभारी नरेंद्र देव मिश्र के नेतृत्व में सह थाना कमेटी प्रभारी मोहम्मद असलम सहित कई वालंटियर भी मुस्तैद रहे। जिन शिव मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ जुटी उनमें बड़ोखर स्थित कालिकन धाम शिव मंदिर, अति प्राचीन महाधाम महुआव शिव मंदिर, कोरांव बाजार के संस्कृत पाठशाला प्रांगण में स्थित शिव मंदिर, देवघाट में बेलन नदी के तट पर स्थित शिव मंदिर समेत कपासी कला गांव में स्थित शिव मंदिर, सोभनाथ शिव मंदिर समेत तहसील क्षेत्र के सभी शिवालयों पर महिला पुरुष भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर भांग धतूरा बेलपत्र जौ फल दूध आदि चढ़ाकर विधिवत पूजा अर्चना की। महाशिवरात्रि सुहागिन और कुंवारी महिलाओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व का पर्व है। महिलाएं इस दिन व्रत, रात्रि जागरण और शिव-पार्वती की पूजा करती हैं, जिससे सुहाग की लंबी आयु, परिवार में सुख-समृद्धि और मनचाहा वर प्राप्त होता है। महिलाएं इस दिना (पारंपरिक) वस्त्र, जैसे पीले या हरे रंग की साड़ी पहनना पसंद करती हैं और शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, और श्रृंगार सामग्री अर्पित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *