Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JAUNPUR NEWS: रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद के सुजानगंज स्थित गौरी शंकर धाम में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत दर्शन-पूजन किया तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।जिलाधिकारी ने पूरे विधि-विधान से जलाभिषेक किया और बेलपत्र, पुष्प एवं माल्यार्पण अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
व्यवस्थाओं का किया सूक्ष्म निरीक्षण
पूजन-अर्चन के पश्चात जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक पर्व पर किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता बरतने और निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
दिया सौहार्द और शांति का संदेश
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व श्रद्धा, आस्था और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।