Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRAYAGRAJ NEWS: शासन के निर्देश के क्रम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद के समस्त विकास खंडों में संचालित गो-आश्रय स्थलों पर नंदी पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया।इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शाहगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सराय ख्वाजा स्थित अस्थायी गो-आश्रय स्थल पहुंचकर नंदी पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने गोवंश का विधिवत पूजन-अर्चन, माल्यार्पण एवं तिलक कर भगवान शिव के वाहन नंदी की आराधना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गोवंश को अपने हाथों से गुड़, केला एवं हरा चारा खिलाया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर नंदी पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। गोसेवा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए। जिलाधिकारी ने गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गो-आश्रय स्थलों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त चारा, नियमित चिकित्सा सुविधा एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश की देखभाल कर रहे गो-सेवक को अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित किया और उनके कार्य की सराहना की।