नगर में महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लगी रही लंबी-लंबी कतारें
BHADOHI NEWS:  महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। नगर के प्रमुख नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, छितनी तालाब, प्राचीन शिव मंदिर, चकसैफ, हरि मंदिर तथा मुख्य मार्ग स्थित महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा। इस दौरान भोर से ही श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा व पुष्प लेकर मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिरों को आकर्षक फूल-मालाओं एवं रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आलोकित और आकर्षक दिखाई दिया। महिलाओं ने व्रत रखकर विशेष पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और संतानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन, शिव चालीसा पाठ एवं रुद्राभिषेक के आयोजनों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक बना रहा। नर्मदेश्वर महादेव, छितनी तालाब व हरि मंदिर में बाबा की भव्य बारात निकालने की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ की गईं। तय कार्यक्रम के अनुसार, शाम 7रू00 बजे बारात हरि मंदिर से निकलकर हनुमान बाग तक जाएगी। मुख्य मार्ग स्थित महादेव मंदिर में 24 घंटे का अखंड रामचरित मानस पाठ पूजन-दर्शन के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर पालिका परिषद की ओर से महाशिवरात्रि के लिए नगर के समस्त प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, चूना छिड़काव तथा प्रकाश व्यवस्था की विशेष व्यवस्था की गई थी। लगभग सभी मुख्य मंदिरों को आकर्षक लाइट झालरों से सजाया गया, जिससे रात्रि में पूरा नगर दैदीप्यमान दिखाई दिया। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्वयंसेवकों ने भी दर्शन-पूजन को सुव्यवस्थित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगरवासियों ने इस पर्व को आपसी सद्भाव, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बताया। देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा नगर शिवभक्ति में सराबोर दिखाई दिया। रात के समय नगर में भूत-भावन भगवान शिव की भव्य बारात भी निकाली गई, जिसकी तैयारियां पहले से ही की जा रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *