Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
नहर पुल पर उछली कार, साइकिल सवार को रौंदते हुए खेत में पलटी; एसएसबी जवान का परिवार सवार था
SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार पीआरडी जवान की मौत हो गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल जवान को उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के गनेशपुर निवासी 55 वर्षीय किशुनदेव उर्फ रामलौटन पुत्र बृजमोहन रविवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे साइकिल से ढेबरुआ थाने स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। एनएच-730 पर खैरहनिया गांव से पहले ढेबरुआ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार नहर पर बने पुल से उछलकर साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार सड़क किनारे खेत में पलट गई। सूचना पर पहुंची ढेबरुआ पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।बताया जाता है कि कार में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान का परिवार सवार था, जो उत्तराखंड से शोहरतगढ़ की ओर जा रहा था। हादसे में कार सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं। मृतक अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गया है। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।