Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के अंतर्गत नाथू खेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के किनारे स्थित एक झोपड़ी नुमा घर में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर उसकी चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार यह झोपड़ी रामदेवी पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल की है। आग लगने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व अन्य साधनों से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग घर में रखा अधिकांश सामान जलाकर राख कर चुकी थी। आग की घटना में गेहूं, दाल, चावल समेत रखा हुआ अनाज, कपड़े, रजाई, भूसा, चारपाई, गैस चूल्हा सहित घरेलू उपयोग का अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। इस आगजनी में गृहस्वामिनी को कई हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़िता रामदेवी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने मामले की सूचना हल्का लेखपाल को दे दी है और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वह दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सके। वहीं राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की बात कही जा रही है।