निपुण भारत मिशन को गति देने हेतु मासिक शिक्षक संकुल बैठक संपन्न

KAUSHAMBI NEWS: विकास खण्ड मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय लालपुर में मासिक शिक्षक संकुल बैठक का आयोजन एआरपी हिंदी नरेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में न्याय पंचायत पट्टी परवेजाबाद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षिकाएं, अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। बैठक का मुख्य उद्देश्य निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार, कक्षा-कक्ष शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को सुदृढ़ करना रहा। अध्यक्षीय उद्बोधन में नरेश कुमार ने कहा कि कक्षा 3 तक प्रत्येक बच्चे को पढ़ने, लिखने एवं गणना में दक्ष बनाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सतत मूल्यांकन, कार्यपत्रक आधारित शिक्षण, बाल-केंद्रित गतिविधियाँ तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिमाह निपुण असेसमेंट कराने, ट्रैकर एवं निपुण तालिका नियमित रूप से भरने तथा शिक्षक डायरी को अद्यतन रखने पर विशेष बल दिया। साथ ही टीम भावना के साथ विद्यालय को “निपुण विद्यालय” बनाने के लिए सभी शिक्षकों को प्रेरित किया, जिसका उपस्थित शिक्षकों ने पूर्ण समर्थन किया। एआरपी अंग्रेजी जगदीप ने नवाचारी शिक्षण विधियों, भाषा विकास गतिविधियों एवं कक्षा में सकारात्मक वातावरण निर्माण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक लक्ष्य आधारित योजना बनाकर कार्य करें तो शत-प्रतिशत निपुणता का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में विभागीय दायित्वों के समयबद्ध निर्वहन, छात्र उपस्थिति बढ़ाने, पुस्तकालय एवं टीएलएम के प्रभावी उपयोग तथा अभिभावक सहभागिता को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का मुख्य आकर्षण विजय कटियार द्वारा निर्मित सहायक शिक्षण सामग्री (TLM), विभिन्न विषयों से संबंधित आकर्षक पोस्टर एवं प्रिंट-रिच मैटेरियल रहा। इन सामग्रियों ने कक्षा-कक्ष को रोचक, प्रेरणादायक एवं सीखने के अनुकूल वातावरण में परिवर्तित करने की दिशा में एक प्रभावी पहल प्रस्तुत की। उपस्थित शिक्षकों ने इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे अपने-अपने विद्यालयों में अपनाने का संकल्प लिया। अंत में नरेश कुमार ने “करके सीखने”, खेल विधि, तकनीकी के समुचित उपयोग, सहायक शिक्षण सामग्री के प्रभावी प्रयोग एवं क्लासरूम ट्रांसफार्मेशन पर जोर देते हुए शिक्षक-विद्यार्थी के आत्मीय संबंध को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अशोक कुमार, मनोज वर्मा, बृजेश पाण्डेय, अंजली पोरवाल, अलक्षेन्द्र नारायण, दाक्षी, विजय कटियार सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं, अनुदेशक एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालक अंजली पोरवाल ने कुशलतापूर्वक किया। बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि मिशन के उद्देश्यों को साकार करते हुए जनपद कौशाम्बी को शैक्षिक गुणवत्ता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *