परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की भीषण सड़क दुर्घटना, घंटों बाद भी नहीं पहुंची एंबुलेंस

SIDHARTHNAGAR NEWS: इटवा-बिस्कोहर मार्ग पर बुधवार को सेमरी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की हालत गंभीर हो गई। हादसे के कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो मौके पर एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस को घटना की पूरी जानकारी मिल सकी, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, माता प्रसाद इंटर कॉलेज, इटवा का छात्र जीशान (18) पुत्र हाजी निसार अहमद, निवासी ग्राम मैलानी, अल्फारूक इंटर कॉलेज,अमौना इटवा से हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था। सेमरी मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। उसके साथ मौजूद दूसरा छात्र मामूली रूप से घायल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद राहगीरों ने 112, थाना इटवा और 108 एंबुलेंस सेवा पर कई बार कॉल किया, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं पहुंच सकी। अंततः स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां भर्ती न हो पाने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस को पूरी जानकारी न होने की बात सामने आई है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और पुलिस पहुंच जाती तो घायल छात्र को शीघ्र और बेहतर उपचार मिल सकता था। वहीं, हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की पहचान और तलाश को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *