सम्पूर्ण समाधान दिवस में 196 शिकायतें प्राप्त, 22 का मौके पर निस्तारण

अपर जिलाधिकारी ने तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के दिए निर्देश

FATEHPUR NEWS:  शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील खागा के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी सुनील कुमार ने की।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कृषि, सिंचाई, राजस्व, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी, जिला पूर्ति आदि विभागों से संबंधित कुल 196 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मूल उद्देश्य है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। कोई भी गरीब व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खागा, मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *