एआई समिट में कथित प्रदर्शन पर बवाल, भाजयुमो ने फूंका राहुल गांधी का पुतला

अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
FATEHPUR NEWS:  भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) फतेहपुर इकाई ने एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कथित अभद्र प्रदर्शन के विरोध में पटेल नगर चौराहे पर प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर है, तब कांग्रेस पार्टी देश की साख पर आघात पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन कर विदेशी प्रतिनिधियों के समक्ष भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। मधुराज विश्वकर्मा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा समिट को “पीआर तमाशा” बताना उनकी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि डेटा सुरक्षा और विदेशी उत्पादों को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम निराधार है तथा यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी सांसद की प्रत्यक्ष संलिप्तता पाई जाती है तो मामला संसद की विशेषाधिकार समिति को भेजा जाना चाहिए। साथ ही, भविष्य में सरकारी और अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में व्यवधान रोकने के लिए संबंधित व्यक्तियों या संगठनों को ब्लैकलिस्ट किए जाने की मांग की। कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रसून तिवारी, जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, आलोक सिंह, गौरव गुप्ता, अभिषेक सैनी, रोहित अवस्थी, सचिन विश्वकर्मा, आर्यन गुप्ता, तनिष्क, हर्षित पांडे, दीपक कश्यप, प्रवीण चौरसिया, विमलेश पाल, अरुण शुक्ला, आशीष, आयुष चौधरी, प्रखर, राघव गुप्ता, राज दीक्षित, रितिक ठाकुर, शिवम पांडे, अमन गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *