Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
VARANASI NEWS: ग्राम सभा पिलोरी, थाना मिर्जामुराद में स्थित शराब के ठेके के विरोध में रविवार को ग्रामीण महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह ठेका घनी आबादी के बीच संचालित हो रहा है और इसके आसपास लगभग चार विद्यालय स्थित हैं। विद्यालय आने-जाने के समय छात्राओं को शराबियों की अनुचित हरकतों और छेड़खानी के प्रयासों का सामना करना पड़ता है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। महिलाओं का कहना है कि शराब के नशे में कुछ लोग विद्यालय जाने वाली बालिकाओं पर फब्तियां कसते हैं और उनका पीछा करते हैं, जिससे बच्चियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद ठेके को हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से क्षुब्ध होकर महिलाओं ने एकजुट होकर शराब के ठेके का घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि विद्यालयों के पास से शराब का ठेका तुरंत हटाया जाए और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।