थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

होली व रमजान में सौहार्द बनाए रखने की अपील
FATEHPUR NEWS:  आगामी होली एवं रमजान माह के बाद ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धाता थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने की, जबकि खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार प्रेम और एकता का संदेश देते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें। बैठक में ग्राम प्रधान, धाता नगर पंचायत के सभासद, विकासखंड अधिकारी, विद्युत विभाग के लाइनमैन, सीएचसी के चिकित्सक, व्यापारी वर्ग, संभ्रांत नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। देवरार और सरवनपुर नेदौरा गांव को लेकर विशेष चर्चा की गई। प्रशासन ने दोनों गांवों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान अजरौली ग्राम निवासी भाजपा कार्यकर्ता राकेश सिंह (फौजी) ने खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव से शासन द्वारा होलिका दहन स्थलों पर स्थायी चबूतरा निर्माण संबंधी आदेशों के अनुपालन के विषय में प्रश्न उठाया। उपस्थित लोगों ने उनके सुझाव का समर्थन किया, हालांकि इस पर खंड विकास अधिकारी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *