Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
ऑनलाइन व्यापार पर सख्त कानून की मांग
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने फतेहपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद नरेश उत्तम पटेल को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित किया गया है। ज्ञापन में ऑनलाइन व्यापार और ई-कॉमर्स के अनियंत्रित विस्तार से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव का मुद्दा उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय फुटकर दुकानदार, जो वर्षों से समाज की आर्थिक संरचना की रीढ़ रहे हैं, आज अस्तित्व के संकट का सामना कर रहे हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कंपीटिशन एक्ट 2002 की धारा 3 एवं 4 के अंतर्गत प्रतिस्पर्धा विरोधी समझौते एवं प्रभुत्व के दुरुपयोग पर प्रतिबंध है, किंतु व्यवहार में प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म द्वारा भारी छूट, चयनित विक्रेताओं को प्राथमिकता तथा एल्गोरिदम आधारित मूल्य निर्धारण के माध्यम से असमान प्रतिस्पर्धा उत्पन्न की जा रही है। व्यापारियों ने कंपीटिशन कमीशन ऑफ इंडिया को विशेष निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। व्यापार मंडल ने वाणिज्य मंत्रालय, डीपीआईआईटी, सीसीआई एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के बीच एक संयुक्त निगरानी तंत्र (ज्वाइंट रेगुलेटरी मैकेनिज्म) के गठन की भी मांग की। साथ ही पारंपरिक व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना, अग्निकांड अथवा अन्य आपदाओं की स्थिति में राहत राशि की व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव रखा। प्रतिनिधिमंडल में चेयरमैन विंदा प्रसाद अग्रहरि, जिला महामंत्री दयाशंकर गुप्ता, हिदायतुल्लाह उर्फ सईद खां, कोषाध्यक्ष कुंवारे सिंह, संरक्षक वेद प्रकाश गुप्ता, नगर अध्यक्ष गुलजार सिंह, युवा जिलाध्यक्ष समीर अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने आशा जताई कि ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के अनुरूप सरकार छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु ठोस कदम उठाएगी।