Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जनपद के थरियांव क्षेत्र के औराई गांव की बेटी खुशबू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों को बहराइच से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई महिलाओं के संगठन गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक के आंदोलन के 48 घंटे के भीतर की गई। खुशबू की मौत के बाद परिजनों ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। प्रारंभिक दौर में पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज़ होकर संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने शुक्रवार को थरियांव थाने का घेराव किया था। प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी गई थी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। आंदोलन के बाद पुलिस टीमें सक्रिय हुईं और रविवार सुबह बहराइच में घेराबंदी कर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, अभद्रता और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद हेमलता पटेल ने कहा, “यह केवल हमारी नहीं, बल्कि हर उस पीड़ित बेटी की जीत है जो न्याय के लिए संघर्ष करती है। हमारा संगठन अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमेशा खड़ा रहेगा। पुलिस प्रशासन को चाहिए कि हर पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हो, ताकि किसी को भी स्वयं को असहाय महसूस न करना पड़े।” वहीं खुशबू के परिजनों ने गिरफ्तारी पर संतोष व्यक्त करते हुए संगठन और उसकी टीम का आभार जताया। उनका कहना है कि यदि संगठन उनके साथ खड़ा न होता, तो इतनी शीघ्र कार्रवाई संभव नहीं हो पाती। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।