प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़: एक बदमाश घायल, दो अन्य गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़: एक बदमाश घायल, दो अन्य गिरफ्ता
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय के अनुसार, थाना हथिगवां प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैरव बाबा समसपुर हाईवे पर हुई लूट की घटना में शामिल आरोपी कल्याणपुर दुअर नदी पुल के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने अब्दुल रहमान पुत्र तबरेज आलम, निवासी ग्राम परेवा नारायणपुर, थाना हथिगवां को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में अब्दुल रहमान ने अपने साथियों अलहसन पुत्र अजमल हुसैन और इब्राहिम पुत्र रहमत उल्ला, निवासीगण परेवा नारायणपुर का नाम बताया। पुलिस ने अलहसन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
तीसरे आरोपी इब्राहिम की तलाश में पुलिस टीम जब बरोंधा अंडरपास के पास पहुंची तो उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली इब्राहिम के दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है। हथिगवां थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह की तत्परता से बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *