Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़ में होमगार्ड विभाग एक बार फिर सुर्खियों में है। विभाग के कमांडेंट धीरेंद्र पांडेय पर दो होमगार्डों ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। आरोपों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
कोहड़ौर थाने की पीआरवी में तैनात होमगार्ड विजय तिवारी का कहना है कि ड्यूटी दोबारा शुरू कराने के बदले उनसे चार हजार रुपये की मांग की गई। उनका आरोप है कि पैसे न देने पर उन्हें परेशान किया गया।
इसी क्रम में पुलिस लाइन स्थित यातायात कार्यालय में तैनात होमगार्ड सत्येंद्र पांडेय ने भी समान आरोप लगाए हैं। सत्येंद्र के मुताबिक, उनकी ड्यूटी प्रयागराज में माघ मेले के दौरान एक अधिकारी के साथ लगाई गई थी और वे नियमित रूप से उपस्थिति की सूचना भेज रहे थे। इस दौरान उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई, जिस कारण उन्हें बीच में ड्यूटी छोड़कर घर लौटना पड़ा।
सत्येंद्र का आरोप है कि बाद में ड्यूटी बहाल करने के लिए उनसे चार हजार रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर उन्हें अनुपस्थित दर्ज कर वेतन रोक दिया गया। वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और परिवार के साथ होली जैसे त्योहार भी सादगी में मनाने की नौबत आ गई है।
दोनों होमगार्डों के आरोपों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे विभाग में हलचल मच गई है।
वहीं, कमांडेंट धीरेंद्र पांडेय ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह आरोप बेबुनियाद हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगा रहे हैं और कार्यालय में किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जाती।
फिलहाल मामले को लेकर चर्चा जारी है। आगे की कार्रवाई या जांच को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।