Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। कोहंडौर थाना क्षेत्र के अतरसंड गौरा गांव में रविवार सुबह एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में धारदार हथियार से अपना गला काट लिया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोहंडौर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां से बाद में प्रयागराज भेज दिया गया।
अतरसंड गौरा गांव निवासी भीमराज यादव हरियाणा में रहकर काम करते हैं। उनकी 46 वर्षीय पत्नी मालती यादव रविवार सुबह घर में चारपाई पर खून से लथपथ पड़ी मिलीं। बताया जाता है कि उनके गले पर धारदार हथियार से करीब 20 सेंटीमीटर लंबा घाव था। सुबह करीब 5:30 बजे बड़ी बेटी शिवानी ने मां को घायल हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद जेठ उदयराज, भतीजे अंकित और बेटी शिवानी घायल महिला को लेकर सीएचसी कोहंडौर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहां से भी हालत गंभीर होने के कारण प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
महिला के गले पर गहरा घाव होने के कारण लोगों में हमले की आशंका भी जताई जाने लगी। सूचना मिलने पर एसओ धनंजय राय, सीओ पट्टी मनोज रघुवंशी, सीओ सिटी शिव नारायण वैश्य और एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए और एक चाकू बरामद कर अपने साथ ले गई।
बताया जाता है कि महिला अपने चार बेटियों के साथ घर पर रहती है, जबकि उसका पति हरियाणा में रहता है।
इनका कहना है
महिला किसी बीमारी से परेशान बताई जा रही है। घटना के समय उसकी बेटी भी घर में मौजूद थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने खुद ही गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
— शैलेन्द्र लाल, एएसपी पूर्वी
#Pratapgarh #Kohandaur #UPNews #PratapgarhNews #BreakingNews #UttarPradesh #CrimeNews