Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़ जिले के मांधाता क्षेत्र में पूर्व ग्राम प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना (50) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस वारदात के पीछे अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग की कहानी जुड़ी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुमेरपुर गांव निवासी मुस्तका गुलशन अपने परिवार के साथ रहता था। उसने दो शादियां की थीं—पहली पत्नी किस्मतुल निशा और दूसरी अम्बिया बानो। दोनों पत्नियों से उसके कुल 18 बच्चे हैं और पूरा परिवार एक साथ रहता है। वह वर्ष 2016 में मिश्रपुर गांव का प्रधान रह चुका था, जबकि 2021 के चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
बताया जा रहा है कि 18 मार्च को मुस्तका बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मांधाता कोतवाली में दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि मुस्तका का इलाके की एक विवाहित महिला से लंबे समय से संबंध था। आरोप है कि वह महिला पर मिलने का दबाव बना रहा था और उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। इसी से परेशान होकर महिला ने हत्या की साजिश रची।
घटना वाली रात मुस्तका अपनी प्रेमिका से मिलने जेठवारा क्षेत्र के बगियापुर गांव पहुंचा। यहां पहले से मौजूद महिला ने अपने भाई और उसके एक साथी के साथ मिलकर मुस्तका पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके भाई और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।