Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

हामिद इब्राहिम
प्रतापगढ़। जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। ग्राम करका में 11 मार्च 2026 की सुबह एक 8 वर्षीय बालक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद डॉक्टरों को उसका दाहिना हाथ काटना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेजबहादुर पुत्र शीतला प्रसाद का नाबालिग पुत्र प्रतीक सरोज अनजाने में घर की छत पर चला गया। मकान के ऊपर से गुजर रहे 11000 वोल्ट के बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजनों का आरोप है कि दिसंबर 2025 में विद्युत विभाग द्वारा उनके मकान के ऊपर से हाईटेंशन लाइन खींची गई थी। उस दौरान उन्होंने संभावित खतरे को देखते हुए विरोध भी जताया था और अधिकारियों व ठेकेदार से तार हटाने की मांग की थी, लेकिन उनकी शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया।
हादसे के बाद परिजन घायल बालक को तत्काल सीएचसी गौरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज प्रयागराज के जीवन ज्योति हॉस्पिटल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक करंट से शरीर में गंभीर संक्रमण फैल गया था, जिसके चलते बालक का दाहिना हाथ काटना पड़ा। उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर फतनपुर पुलिस ने विद्युत विभाग के जेई, एसडीओ सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।