Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कोरांव प्रयागराज। नगर पंचायत कोरांव में इस वर्ष बने दुर्गा पंडालों ने क्षेत्रवासियों पर सम्मोहन डाल दिया है। नगर में पंचायत में लगभग आधा दर्जन विनिर्मित दुर्गा पंडाल श्रद्धालु भक्तों से खचाखच भरे देखे जा रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाकचैबंद देखी जा रही है।
बता दें कि विगत वर्षों की भांति इस साल भी नगर पंचायत कोरांव में बड़े हनुमान मंदिर, गुरुद्वारा प्रांगण, विश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय तथा पत्रकार चैराहा, लेडियारी रोड तिराहा, मांडा वाली रोड आदि स्थानों पर दुर्गा पंडाल बनाए गए हैं। इन पंडालों में विराजमान मां दुर्गा की मनोहारी मूर्तियां क्षेत्रवासियों द्वारा विशेष रूप से सराही जा रही हैं। एक तरफ बड़े हनुमान मंदिर पर बने पंडाल में भारतीय सेना को समर्पित ऑपरेशन सिंदूर भव्य गेट का निर्माण किया गया है तो वहीं गुरुद्वारा प्रांगण में आधुनिक साज सज्जा से बनाया गया पंडाल अपनी भव्यता को लेकर हर तरफ चर्चा में है। गुरुद्वारा प्रांगण में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा भी क्षेत्रवासियों की विशेष प्रशंसा अर्जित करती देखी जा रही है। इसी तरह विश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय और पत्रकार चैराहा पर बने पंडाल और स्थापित मूर्तियां अपनी आधुनिकता और आकर्षण को लेकर चर्चा में है। इसी क्रम में नगर पंचायत कोरांव के आजाद नगर मोहल्ले में स्थित मां दुर्गा के पुराने मंदिर पर बना पंडाल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कुल मिलाकर अब से लगभग एक पखवारे पूर्व आयोजित एक बैठक में नगर के युवाओं ने इस वर्ष जो नए तर्ज पर दुर्गा पंडाल बनाने का वादा किए थे,वे उस वादे पर पूरी तरह खरे उतरे हैं। और क्षेत्रवासी युवाओं के परिश्रम,लगन और समर्पण से तैयार किए गए विहंगम दृश्यों का भरपूर आनंद ले रहे है। नवमी पर्व पर माता दुर्गा के पंडालों में भारी संख्या में क्षेत्र से भीड़ जुटी। भक्त गणों ने माता दुर्गा की पूजा आराधना कर क्षेत्र के कल्याण की कामनाएं की। ज्ञातब्य हो कि प्रत्येक वर्ष नवमी पर्व के दिन ही कोरांव में दशहरा मनाया जाता है और आकर्षक झांकी कलाकारों के द्वारा मंचन भी किया जाता है। नगर पंचायत कोराव के अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नरसिंह कुमार केसरी उर्फ गोपाल जी समेत नगर के प्रतिष्ठित व्यापारियों ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। इसी तरह पुलिस प्रशासन की ओर से भी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चाक चैबंद व्यवस्था की गई है।