Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रातकाल एक्सप्रेस /प्रतापगढ़ । जिले के मानिकपुर थाने में हिरासत में लिए गए युवक ने लॉकअप के अंदर अपना गला रेत लिया। खून से लथपथ युवक को इलाज के लिए भेजा गया एम्स रायबरेली। घटना के बाद एसपी ने एसओ मानिकपुर को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ कुंडा को सौंपी गई है। मिली जानकारी के अनुसार मानिकपुर थाना इलाके के जमेठी गांव के रहने वाले शिवम सिंह (24 वर्ष) को चोरी के मामले में मानिकपुर पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई थी। परिवार वालों का आरोप है कि पांच दिन पहले उसे पुलिसकर्मी ले गए और किसी मामले में पूछताछ कर रहे थे। बृहस्पतिवार भोर में लॉकअप में बंद शिवम सिंह ने अपना गला रेत लिया। यह देख थाने में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए पुलिसकर्मी रायबरेली एम्स ले गए। जानकारी मिलते ही एसपी दीपक भूकर ने घटना की जांच सीओ कुंडा अमरनाथ को सौंपते हुए थानाध्यक्ष दीप नारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। किस हालत में उस तक धारदार हथियार पहुंचा। किस हथियार से गला काटा है इसका पता लगाया जा रहा है। घायल शिवम की हालत खतरे से बाहर है। हालांकि शिवम पहले बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है।