Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कुलदीप सिंह वरिष्ठ संवाददाता
प्रयागराज, 28 अक्टूबर। प्रयागराज में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय एल.एन. सिंह की निर्मम हत्या के मामले में अब न्यायिक समुदाय की ओर से भी आवाज बुलंद होने लगी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मृतक पत्रकार के परिवार के लिए आर्थिक सहायता और रोजगार की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय से वर्ल्ड मीडिया टाइम्स के मुख्य संपादक एवं जनता टीवी प्रयागराज जोन हेड सय्यद मोहम्मद आमिर, कुलदीप सिंह मीडिया प्रभारी HCBA , सलमान अहमद और अनवर खान समेत कई पत्रकारों ने मुलाकात की। पत्रकारों ने इस दौरान स्व. एल.एन. सिंह के परिवार की आर्थिक स्थिति और कठिनाइयों के बारे में अवगत कराया।
पत्र में कहा गया है कि स्व. एल.एन. सिंह एक सच्चे, निर्भीक और निष्ठावान पत्रकार थे, जिन्होंने हमेशा समाज के हित में निष्पक्ष पत्रकारिता की। उनकी हत्या ने न केवल पत्रकारिता जगत को बल्कि पूरे समाज को गहरे दुख और आक्रोश में डाल दिया है।
बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि मृतक पत्रकार के परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही उनके पुत्र राज नारायण सिंह को किसी सरकारी या अर्द्धसरकारी संस्था में स्थायी रोजगार देने की भी मांग की गई है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि पत्रकार एल.एन. सिंह की असामयिक मृत्यु से प्रदेश को अपूर्णनीय क्षति पहुँची है। ऐसे में सरकार की ओर से सहयोग मिलना न केवल पीड़ित परिवार को संबल देगा बल्कि प्रदेश के पत्रकार समुदाय को यह संदेश भी देगा कि सरकार पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर है।
बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि न्याय और संवेदना दोनों के दृष्टिकोण से शीघ्र राहत प्रदान की जाए। समाज के चौथे स्तंभ पर हुए इस हमले ने पत्रकारिता जगत को झकझोर दिया है, इसलिए सरकार से त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई गई है।