गोरखपुर: बेकाबू फॉर्च्यूनर की टक्कर से MBBS छात्र की दर्दनाक मौत, दोस्त के घर से लौटते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में MBBS के एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र अपने दोस्त के घर से खाना खाकर रात में हॉस्टल लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।

यह हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे शाहपुर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर–कौवाबाग ओवरब्रिज पर हुआ। मृतक की पहचान संतकबीरनगर जिले के रहने वाले 22 वर्षीय आकाश पांडेय के रूप में हुई है, जो बीआरडी मेडिकल कॉलेज में MBBS थर्ड ईयर के छात्र थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार छात्र हवा में उछलकर करीब 15 मीटर दूर जा गिरा और ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर औंधे मुंह लटक गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने छात्र को तुरंत नीचे उतारने की कोशिश नहीं की।

बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक छात्र का शव रेलिंग से लटका रहा। बाद में एक राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर हादसे के बाद फॉर्च्यूनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर करीब एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान प्रॉपर्टी डीलर गोल्डेन साहनी के रूप में हुई है।

छात्र की मौत की खबर मिलने के बाद उसका दोस्त अस्पताल पहुंचा। दोस्त को जब आकाश का शव दिखाया गया तो वह फूट-फूटकर रोने लगा और डॉक्टरों से उसे बचाने की गुहार लगाता रहा।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।