Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़ जनपद के बाबा बेलखरनाथ धाम क्षेत्र के गनई डीह गांव के कक्षा 9 के छात्र मोहम्मद हम्ज़ा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से एक अनोखा कारनामा कर दिखाया है। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने प्लास्टिक कबाड़ का उपयोग कर एक इलेक्ट्रॉनिक ट्रैक्टर तैयार किया है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
हम्ज़ा ने इस ट्रैक्टर को तैयार करने में करीब तीन महीने का समय लगाया। ट्रैक्टर का ढांचा PP पाइप से बनाया गया है और इसमें लिथियम बैटरी का उपयोग किया गया है, जिससे यह लगभग एक घंटे तक चल सकता है। कम लागत में तैयार इस मॉडल ने उनकी तकनीकी समझ और नवाचार की क्षमता को उजागर किया है।
हम्ज़ा का कहना है कि यदि ऐसे इलेक्ट्रॉनिक ट्रैक्टरों को बड़े स्तर पर विकसित किया जाए तो यह किसानों के लिए किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प साबित हो सकते हैं। इससे न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी।
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। उनका कहना है कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर बच्चे कबाड़ से भी उपयोगी और नवीन चीजें बना सकते हैं।
गांव और आसपास के क्षेत्र में हम्ज़ा के इस नवाचार की खूब चर्चा हो रही है और लोग उनकी प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं।