एसडीएम व सीओ ने विसर्जन से पूर्व घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण

जिम्मेदारों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

FATEHPUR NEWS: शारदीय नवरात्रि व दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रतिमाओं के विसर्जन से पूर्व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए विशेष कदम उठाए। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी खागा अभिनीत कुमार एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा ब्रज मोहन राय ने बुधवार को विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों व जिम्मेदार कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विसर्जन के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती व प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं सीओ खागा ने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आयोजकों से भी अपील की है कि सहयोग भाव से प्रशासन का साथ दें, ताकि त्योहार शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस दौरान अधिकारियों ने नौबस्ता घाट, इजूरा (संकठन) घाट, मंडवा (मैनपुरी) घाट, नागेश्वर घाट व एकौना गढ़ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। एसडीएम व सीओ ने घाट पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों को सतर्कता बरतने व हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अमला व पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। थाना सुल्तानपुर घोष प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल अपने पुलिस बल के साथ मुस्तैद दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *