डीएम – एसपी ने चौक स्थित हनुमान मंदिर में किया पूजा:अर्चना

डीएम व एसपी ने मंदिर के जीर्णोद्धार का दिया आश्वासन

FATEHPUR NEWS: शहर के ऐतिहासिक चौक हनुमान मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया, जिससे मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में उत्साह है। उनके साथ उप जिलाधिकारी फतेहपुर सदर और तहसीलदार भी मौजूद थे। जय हनुमान प्रबंध कमेटी के निमंत्रण पर ये अधिकारी मंदिर परिसर पहुंचे थे। मंदिर आगमन पर, कमेटी के महामंत्री कुलदीप रस्तोगी (पप्पन) ने पारंपरिक चुनरी ओढ़ाकर सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद, जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने मंदिर में स्थापित माताजी की चौकी पर आयोजित आरती में भाग लिया। उन्होंने पूर्ण श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर माता की आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के समापन पर, प्रबंध कमेटी की ओर से महामंत्री पप्पन रस्तोगी ने सभी अतिथियों को भगवान श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर, कमेटी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को मंदिर परिसर का निरीक्षण कराया और मंदिर की जर्जर दशा की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि यह अत्यंत प्राचीन मंदिर है जिसकी दीवारें और छत खराब हो चुकी हैं, जिसका शीघ्र पुनर्निर्माण आवश्यक है। मंदिर की स्थिति का जायजा लेने के बाद, जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने प्रबंध कमेटी को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस कार्य में सहयोग करेगा और जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र ही शुरू कराया जाएगा। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष जगन्नाथ प्रसाद गांधी, प्रबंधक कालिका प्रसाद, कोषाध्यक्ष राजू पुरवार, संरक्षक वीरेंद्र पांडेय, सत्य भगवान, राजा पुरवार और सुशील अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *