गरीबी व कर्ज ने ली रिक्शा चालक की जान, दूसरी ओर पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव

जिले में दो दर्दनाक घटनाओं से मचा हड़कम्प, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में बुधवार का दिन दो बड़ी घटनाओं से दहल उठा। कठेला थाना क्षेत्र के धोबहा पठानडीह गांव में जहां 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक रामसेवक गुप्ता ने गरीबी और कर्ज से तंग आकर फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बैजनथा गांव में 20 वर्षीय युवक सनीदेवल का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। दोनों घटनाओं से गांवों में मातम और सनसनी का माहौल है। कठेला क्षेत्र में मृतक रामसेवक अपनी पत्नी रीता और पांच बेटियों व एक छोटे बेटे के साथ रहता था। रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई का बोझ उसके कंधों पर था। परिजनों के मुताबिक वह हमेशा गरीबी और जिम्मेदारियों को लेकर चिन्तित रहता था। बुधवार सुबह घर से रिक्शा लेकर निकले रामसेवक का कुछ देर बाद फांसी पर झूलता शव मिला। पत्नी रीता और बहन लक्ष्मी का कहना है कि बेटियों के भविष्य की चिन्ता ही उसे तोड़ रही थी। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मिश्रौलिया क्षेत्र के बैजनथा गांव में सुबह उस समय हड़कम्प मच गया, जब गांव के बगीचे में सनीदेवल की लाश पेड़ से लटकती मिली। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, मगर परिजनों ने गांव के ही एक परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की मां ने बताया कि बीती रात गांव का एक व्यक्ति उसे घर से उठा ले गया था, जिसके बाद सुबह उसकी लाश मिली। शव के पास से साड़ी का टुकड़ा भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। दोनों घटनाओं से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और आहट है। एक ओर गरीबी और कर्ज से टूटा परिवार अपने सहारे को खो बैठा, वहीं दूसरी ओर युवक की मौत रहस्य बनी हुई है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *