नवमी पर बढ़नी में उमड़ा आस्था का सैलाब, भंडारे और प्रसाद वितरण से महका नगर

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, मूर्ति विसर्जन और दशहरे की तैयारियों में जुटा प्रशासन

SIDHARTHNAGAR NEWS: शारदीय नवरात्र की नवमी पर बुधवार को बढ़नी नगर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही नगर के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता रानी के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। पंडालों में सजाए गए सुंदर दरबारों और मनमोहक प्रतिमाओं ने भक्तों का मन मोह लिया। महिलाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ दर्शन-पूजन कर देवी मां से सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के कई पंडालों में प्रसाद वितरण और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं को फलाहार, पूड़ी-सब्जी और हलवा प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। भजन-कीर्तन की गूंज और ढोल-नगाड़ों की ताल पर भक्त झूम उठे। श्रद्धालुओं ने बताया कि नवरात्रि की नवमी पर भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन नगर में परंपरा के रूप में हर वर्ष होता है, जिसका सभी बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस अवसर पर नगर की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी रही। थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव स्वयं सड़क पर उतरकर भीड़ को नियंत्रित करते और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर दर्शन कराने में लगे रहे। उनके साथ चौकी इंचार्ज बढ़नी अनिरुद्ध सिंह, थाने-चौकी की पुलिस टीम तथा जिले से आई अतिरिक्त फोर्स लगातार गश्त करती रही। चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस जवानों ने सुरक्षा की ऐसी घेराबंदी की कि श्रद्धालु निश्चिंत होकर पर्व में शामिल हो सके। नवमी के बाद अब नगर में मूर्ति विसर्जन और दशहरा पर्व की तैयारियां भी जोर पकड़ने लगी हैं। प्रशासन ने पहले ही विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर लिया है। राप्ती नदी तट और करहिया पुल के पास सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दशहरे के मौके पर रावण दहन कार्यक्रम के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि नगरवासी सुरक्षित माहौल में उत्सव का आनंद ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *