Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JALAUN NEWS: शारदीय नवरात्रि के समापन अवसर पर विजयादशमी के दिन क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार देवी प्रतिमाओं का विसर्जन पंचनद संगम पर नहीं होकर रामपुरा-टीहर रोड स्थित नहर में किया जाएगा। प्रशासन ने बारिश के कारण बदली परिस्थितियों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बुधवार को उप जिलाधिकारी माधौगढ़ राकेश कुमार सोनी, क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज कुमार सिंह, थाना प्रभारी रामपुरा इंस्पेक्टर रजत कुमार सिंह, चौकी प्रभारी जगम्मनपुर पंकज कुमार मिश्रा तथा चौकी प्रभारी सिद्धपुर रामकिशोर सिंह ने पूर्व निर्धारित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मंगलवार को दिन-रात हुई भीषण वर्षा से पंचनद यमुना तट पर बनाए गए कृत्रिम गड्ढे और मार्ग पूरी तरह से कीचड़ व दलदल में तब्दील हो गए हैं, जिससे वहां विसर्जन कराना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं होगा। उप जिलाधिकारी ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था के अंतर्गत अब रामपुरा-टीहर रोड पर बनी नहर में विसर्जन होगा। यह नहर बेतवा नदी से जुड़ी हुई है और इसमें पवित्र जल प्रवाहित होता है। इसलिए मूर्तियों का विसर्जन इस नहर में करना शुभ और सुरक्षित रहेगा। क्षेत्राधिकारी अंबुज कुमार सिंह ने भी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासनिक व्यवस्था का पालन करते हुए निर्धारित स्थल पर ही विसर्जन करें। वहीं थाना प्रभारी रजत कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति नदी के दलदली व फिसलनयुक्त तट पर न जाए, अन्यथा दुर्घटना की संभावना हो सकती है। प्रशासन द्वारा लिए गए इस निर्णय से श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब विसर्जन कार्यवाही पुलिस व प्रशासन की देखरेख में टीहर नहर पर सम्पन्न होगी।