Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट विवेक सिंह यादव ने उठाई आवाज
FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। बताते चलें कि शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह (एडवोकेट) के नेतृत्व में एक बैठक प्रेमनगर कस्बे में आयोजित हुई है। इस दौरान नायब तहसीलदार खागा अरविंद कुमार को जिलाधिकारी के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। किसान नेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि किसानों के हित में खाद, बीज, सड़क, पशु चिकित्सा और साफ-सफाई की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए तथा अल्लीपुर भादर स्थित गौशाला का मरम्मत एवं किसानों को कृषि रक्षा इकाई से उन्नतिशील बीज दिलाए जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही मंडवा से मंडवा शमशान घाट तक, इजूरा बुजुर्ग से इजूरा खुर्द तक तथा मोहम्मदपुर गौंती पुल से टांडा मार्ग की मरम्मत एवं सुचारू करने के साथ ही भादर कोआपरेटिव सोसाइटी के निर्माण व बिजली उपकेंद्र निर्माण की मांग की गई है। मांग पत्र में मुख्य रूप से डी.ए.पी. खाद की किल्लत दूर करने, जानवरों में गलाघोटू बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण कराने, गांवों में साफ-सफाई एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा कई मार्गों के निर्माण- मरम्मत की मांग की गई है।
इस दौरान किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने अध्यक्षता की। तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष उग्रसेन सिंह, युवा जिला मीडिया प्रभारी पंकज साहू, ब्लॉक महासचिव बालराज सिंह, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष तौसीफ अहमद, तहसील संरक्षक रनमन सिंह, संजीत सिंह प्रधान आदि कई किसान उपस्थित रहे हैं।