Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

गांधी, शास्त्री के बिचार आज भी प्रासंगिक: दुर्गेश राय
KUSHINAGAR NEWS: फाजिलनगर स्थित खादी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, सपहा के परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अतिथि भाजपा विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि गांधी ने खादी को केवल वस्त्र नहीं बल्कि स्वतंत्रता और स्वाभिमान का प्रतीक बनाया। आज जरूरत है कि हम खादी को अपनाकर गांवों को सशक्त करें और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करें। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खादी को नई पहचान मिल रही है और यह अब राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है।भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। गांधी जी के स्वदेशी आंदोलन और शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि खादी और स्वदेशी के विचार को अपनाएं और ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिवाकर मणि त्रिपाठी ने कहा कि गांधी का विचार केवल इतिहास नहीं है।वह आज भी जीवंत है। खादी केवल पहनावा नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जो आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की भावना को बढ़ावा देती है। युवाओं को इससे जुड़ना चाहिए। खादी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान सपहां फाजिलनगर के मंत्री पंकज कुमार पांडेय ने सभी आगंतुकों, कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य है कि खादी ग्रामोद्योग को केवल उत्पादन केंद्र न बनाकर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार का मजबूत आधार बनाया जाए। यह संस्थान ग्राम विकास का केंद्र बने, यही हमारा लक्ष्य है।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा अजय राय, पूर्व जिला मंत्री रामबृक्ष गिरी, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि पशुपतिनाथ जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. कन्हैया शर्मा, कुंवर सुभाष सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल जायसवाल, पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र पांडेय, विजय पांडेय, अनुराग पांडेय, सुबोध त्रिपाठी, नंदकिशोर पांडेय, राजेश दूबे, खूबलाल, प्रमोद राय, योगेन्द्र कुशवाहा, राना सिंह, संजय यादव आदि मौजूद रहे।