5 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण, 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान

JALAUN NEWS: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (05 से 31 अक्टूबर 2025) एवं दस्तक अभियान (11 से 31 अक्टूबर 2025) के सफल क्रियान्वयन हेतु द्वितीय जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय समीक्षा बैठक कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय हैं। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर निकाय, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने साफ-सफाई, दवा छिड़काव, लार्वा नाशक दवाओं का प्रयोग, घर-घर संपर्क एवं जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों एवं एएनएम को ग्राम स्तर पर सक्रिय कर प्रत्येक घर तक जानकारी पहुँचाई जाए। फ्रंटलाइन वर्कर्स प्रत्येक मकान पर भ्रमण कर केवल संचारी रोग ही नहीं बल्कि क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं काला अज़ार जैसे रोगों के प्रति भी संवेदीकरण करें। दस्तक अभियान के दौरान यदि किसी व्यक्ति में किसी रोग के लक्षण पाए जाते हैं तो उसका नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाए। प्रत्येक लक्षणयुक्त/संभावित रोगी का डेटा यूनिफाइड डिजीज सर्विलेंस पोर्टल पर एपीआई लिंक के माध्यम से स्वतः स्थानांतरित हो। आशा कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों का आभा आईडी बनाकर उन्हें उपलब्ध कराएँ। दस्त रोग से प्रभावित व्यक्तियों की लाइन लिस्ट ई-कवच पोर्टल पर तैयार की जाए। दस्तक अभियान संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसके अंतर्गत प्रशिक्षित फ्रंटलाइन वर्कर्स (आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) घर-घर भ्रमण कर रोगों की रोकथाम व उपचार की जानकारी देंगे। साथ ही वे कुपोषित बच्चों एवं लक्षणयुक्त व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर सूचीबद्ध करने का कार्य भी करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैठकों में क्षय रोग एवं हीट रिलेटेड इलनेस जैसे उष्ण मौसम से संबंधित रोगों की भी चर्चा की जाए। अभियान के दौरान ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकें, क्लोरीनेशन डेमो, संचारी रोगों एवं एईएस की समूह बैठकें, वीएचएनडी, मातृ बैठकें एवं स्वयं सहायता समूहों की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित कराई जाएँ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, एसीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *