आपसी सौहार्द और श्रद्धा का प्रतीक बना जौनपुर, शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन

JAUNPUR NEWS: नगर के प्रमुख विसर्जन घाटों पर आज दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्वयं मौके पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, दुर्गा पूजा महा समिति के पदाधिकारियों तथा श्रद्धालु नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी का आभार जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा जैसा भव्य और भावनात्मक पर्व जनपदवासियों ने आपसी सौहार्द और श्रद्धा के साथ मनाकर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने दुर्गा पूजा महा समिति, प्रशासनिक अमले और पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सका। इसके साथ ही डॉ. चंद्र ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के विज़न का उल्लेख करते हुए जनता से “समर्थ पोर्टल” पर अपने सुझाव देने की अपील की। उन्होंने बताया कि “विकसित भारत” और “विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प को साकार करने हेतु 12 विभिन्न क्षेत्रों में सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं, जिन्हें विज़न डॉक्यूमेंट का हिस्सा बनाया जाएगा। मौके पर जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों, सफाईकर्मियों और नागरिकों के प्रति विशेष आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *