पंचतत्व में विलीन हुए पंडित छन्नूलाल मिश्र

VARANASI NEWS: पद्म विभूषण पंडित छन्नू लाल मिश्र का गुरूवार की भोर में निधन हो गया। उन्होंने मिर्जापुर स्थित आवास पर 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर रात नौ बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ। पोते राहुल मिश्र ने मुखाग्नि दी। गुरूवार की भोर में 4:15 बजे सुर सम्राट पद्मविभूषण पं. छन्नू लाल ने मिर्जापुर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लगा रहा। पं. छन्नूलाल मिश्र की अंतिम इच्छा के अनुसार उनकी शवयात्रा दिन में एक बजे वाराणसी के छोटी गैबी स्थित आवास पर पहुंची। शहर के गणमान्य लोगों ने उनको श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पुत्र तबलावादक पं. रामकुमार मिश्र के दिल्ली से वाराणसी आने के बाद शाम को 7:30 बजे पं. छन्नूलाल मिश्र की अंतिम यात्रा छोटी गैबी स्थित उनके आवास से निकली। मणिकर्णिका घाट पर पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। इसके बाद पोते राहुल मिश्रा ने 8:56 बजे अपने दादा को मुखाग्नि दी। पुत्री डॉ. नम्रता मिश्रा के अनुसार पं. मिश्र 7 महीने से ज्यादा समय से बीमार चल रहे थे। बीएचयू के सरसुंदरलाल अस्पताल में 13 सितंबर को उन्हें भर्ती कराया गया था। इसके बाद 27 सितंबर को उन्हें यहां से डिस्चार्ज कर दिया गया था और वह मिर्जापुर चले गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *