विदाई के अश्रु: ढेबरुआ थाना क्षेत्र की 137 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न

चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहा प्रशासन

SIDHARTHNAGAR NEWS: शक्ति की आराधना का महापर्व, नवरात्रि, गुरुवार देर रात माता रानी की भावुक विदाई के साथ संपन्न हो गया। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में स्थापित कुल लगभग 137 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन चरगहवा नदी, घोरही नदी सहित क्षेत्र के अन्य कई विसर्जन घाटों पर अत्यंत शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में हुआ। देर शाम शुरू हुआ विसर्जन का यह सिलसिला भोर 3:30 बजे तक चला। बढ़नी नगर, सहित ग्रामीण अंचलों के हजारों श्रद्धालु जयकारों और गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं को लेकर घाटों पर पहुँचे। बढ़नी नगर पंचायत क्षेत्र की 30 प्रतिमाओं ने इस विसर्जन यात्रा में मुख्य रूप से भाग लिया। ये प्रतिमाएं पहले रामलीला ग्राउंड में एकत्र हुईं, जहाँ से श्रद्धालुओं ने भीगी पलकों से माँ को विदा करने नदी तट की ओर प्रस्थान किया। पूरी रात नदी किनारे जय माता दी के जयकारों की गूंज बनी रही। भक्तों ने मां दुर्गा को पूजन-अर्चन कर, यह प्रार्थना करते हुए विसर्जित किया कि आने वाला वर्ष सबके लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए, और माँ अगले साल जल्दी पधारें। यह विदाई भक्तों की अटूट आस्था और भावुकता का प्रदर्शन था। इतने विशाल और संवेदनशील आयोजन को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। विसर्जन स्थलों और पूरे क्षेत्र में स्थानीय थाने और चौकी पुलिस के अलावा, सैकड़ों पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश, सीओ सुजीत राय, और एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा जैसे वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बढ़नी नगर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया एवं लगातार  गश्त एवं निगरानी करते रहने का निर्देश दिया । प्रशासन की यह चाक-चौबंद मुस्तैदी सुनिश्चित करती रही कि आस्था की इस लहर में कहीं कोई बाधा न आए। सुरक्षा व्यवस्था में भारी संख्या में मौजूद अतिरिक्त पुलिस बल, अग्निशमन दल सहित स्थानीय थाने एवं चौकी के जवान जिसमें हेड कांस्टेबल डीपी सिंह, भानुप्रताप सिंह, अवनीश सिंह, सरवर आलम, पंचम यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश यादव,सहित भारी संख्या में पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे, वहीं महिला कांस्टेबल आरती मिश्रा और श्रद्धा त्रिपाठी सहित अन्य महिला सिपाही ने भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। एक महिला सिपाही ने तो अपने छोटे बच्चे के साथ ड्यूटी कर नारी सशक्तिकरण और कर्तव्यनिष्ठा की बेहतरीन मिसाल पेश की। प्रशासन की सक्रियता और श्रद्धालुओं के अभूतपूर्व सहयोग के चलते, ढेबरुआ थाना क्षेत्र का यह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शांति, श्रद्धा और अटूट आस्था के बीच एक ऐतिहासिक और भावुक आयोजन बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *