बहुता गाँव में हुई लूट (चोरी) का किया खुलासा, वादिनी की बहू ही निकली आरोपी, गहने बरामद

PRATAPGARH NEWS: पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में थाना पट्टी पुलिस ने लूट की कथित घटना का सफल अनावरण करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लूट की यह कहानी वादिनी की बहू ने ही रची थी। दिनांक 29 सितंबर 2025 को वादिनी राजकली द्वारा थाना पट्टी में तहरीर दी गई थी कि उसकी छोटी बहू जया शर्मा को दो अज्ञात व्यक्तियों ने बंधक बनाकर घर से सोने के आभूषण लूट लिए। प्रारंभ में घटना लूट की बताई गई, परंतु विवेचना के दौरान साक्ष्य एक अलग ही कहानी बयान करने लगे। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि न तो कोई बाहरी लुटेरे थे और न ही किसी तरह की लूट की घटना हुई थी, बल्कि वादिनी की बहू जया शर्मा ने ही अपने जेठ के बक्से का ताला तोड़कर आभूषण चोरी किए और झूठी लूट की कहानी गढ़ दी। थाना पट्टी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 4 अक्टूबर 2025 को भरोखन नहर पुलिया के पास से अभियुक्ता जया शर्मा पत्नी रंजीत शर्मा निवासी बहुता, थाना पट्टी (उम्र लगभग 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्ता के कब्जे से सोने के व चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनमें दो मंगलसूत्र, एक झुमका, एक अंगूठी, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी छागल और एक बिछिया शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर चोरी की घटनाएं देखकर उसी तरह अपनी योजना बनाई थी। पति और सास के बाहर जाने के बाद उसने अपने जेठ के कमरे का ताला तोड़कर गहने चोरी किए और लूट की झूठी कहानी फैलाई। इस प्रकरण में प्रारंभिक धारा 309(4) बीएनएस के स्थान पर अब धारा 331(3) व 317(2) बीएनएस में संशोधन किया गया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पट्टी अभिषेक सिरोही के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय कुमार यादव व उनकी टीम (का0 अभिनव नारायण सिंह, म0 का0 अंजू यादव) द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *