तहसील बांसी में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन आज तहसील बांसी में किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने की, जबकि आयुक्त बस्ती मंडल, बस्ती अखिलेश सिंह एवं उपजिलाधिकारी बांसी निखिल चक्रवर्ती भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों — राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति आदि से जुड़ी जनशिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों एवं आईजीआरएस पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में कुल 61 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व से 30, पुलिस विभाग से 6, विकास विभाग से 10, पूर्ति विभाग से 2 और अन्य 13 प्रार्थना पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने मौके पर ही राजस्व से संबंधित 11 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करा दिया। शेष शिकायतों के तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार बांसी, बांसी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह सहित संबंधित थानाध्यक्ष एवं खण्ड विकास अधिकारी सहित कई जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *