ढेबरुआ-बेंवा मार्ग पर पुल का एप्रोच अधूरा, राहगीरों को झेलनी पड़ रही परेशानी

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के ढेबरुआ-बेंवा राज्य राजमार्ग पर बने दो पुलों में से एक पुल का निर्माण लगभग एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है, लेकिन दूसरे पुल को बने कई महीनों बीत जाने के बाद भी एप्रोच मार्ग अब तक नहीं बन सका है। महीनों पहले केवल ईंट पत्थर दबा कर छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क ऊबड़-खाबड़ बनी हुई है। यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है, जिस पर प्रतिदिन भारी मालवाहक ट्रक, बसें और सैकड़ों छोटे वाहन गुजरते हैं। अधूरे एप्रोच से होकर गुजरने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों शशांक तिवारी, रामसूरत यादव, रोजन, दानिश, मुन्नू तिवारी, वैभव मिश्रा आदि ने बताया कि पुल का निर्माण तो काफी दिनों बाद पूरा हुआ, लेकिन उसके दोनों ओर का एप्रोच मार्ग अब तक अधूरा पड़ा है। इससे भारी वाहनों और आम राहगीरों को झटके खाते हुए गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने इसे जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही का उदाहरण बताया। उनका कहना है कि इतनी व्यस्त सड़क पर इस तरह का अधूरा काम हादसों को न्योता दे रहा है, फिर भी किसी अधिकारी की नजर इस ओर नहीं जा रही। जानकारी के अनुसार, यह पुल अकरहरा मोड़ से आगे और पकड़िहवा गांव से पहले स्थित है। पहले यहां बना पुराना पुल बहुत नीचा था, जिससे बरसात के समय जल निकासी बाधित होने पर सड़क पर पानी चढ़ जाता था और आवागमन रुक जाता था। इसी समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने ऊंचा पुल बनवाया था, ताकि पानी सड़क पर न चढ़े। इस संबंध में सहायक अभियंता अरुण सिंह ने बताया कि ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। बरसात के मौसम के कारण कार्य रुका हुआ था। मौसम ठीक होते ही एक माह के भीतर एप्रोच मार्ग का कार्य पूरा करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *