Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पूर्व सैनिकों को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में मिलेगी सुविधा
FATEHPUR NEWS: शहर के शादीपुर चौराहा स्थित एज स्टडीज और कोचिंग सेंटर में सूबेदार राजकुमार तिवारी की अध्यक्षता में पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक रविवार को आयोजित की गई। इसमें पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को साझा किया, जिनके समाधान के लिए समिति ने जिले के आला अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया है। बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज की सुविधा शुरू होने की भी जानकारी दी गई। बैठक में सूबेदार अब्दुल रब ने अपनी समस्या बताई, जबकि देवेंद्र कुमार शुक्ला ने शहर में खरीदे गए मकान पर कब्जा न मिलने की परेशानी से अवगत कराया। इनके अतिरिक्त, कई अन्य पूर्व फौजियों ने भी अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं को साझा किया। समिति ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके समाधान के लिए जल्द ही जिले के आला अधिकारियों से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में, पूर्व सैनिक आज पुलिस अधीक्षक, फतेहपुर से मिलकर समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन सौंपेंगे। अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने बताया कि पिछले दो वर्षों के अथक प्रयासों के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल को पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अधिकृत कर दिया गया है। अब पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन वहां ओपीडी के माध्यम से या भर्ती होकर अपना इलाज करवा सकेंगे। सेवारत कर्नल विनोद तिवारी ने फोन पर सभी को आश्वस्त किया कि रिकॉर्ड ऑफिस से संबंधित किसी भी समस्या के लिए पूर्व सैनिक सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे पूर्व सैनिकों की वृद्धावस्था और दूर स्थित रिकॉर्ड ऑफिसों की कठिनाइयों को समझते हुए बिना रिकॉर्ड ऑफिस गए ही उनकी समस्याओं का समाधान करवा देंगे। संगठन के विस्तार और मजबूती पर कैप्टन प्रेम सागर शुक्ला, विजय कुमार द्विवेदी और राजेश कुमार शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण विचार रखे। इस अवसर पर जागृति तिवारी, सुनीता देवी, गोविंद सिंह, डी एस त्रिवेदी और कई अन्य पूर्व सैनिक तथा सदस्य उपस्थित रहे।