Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एक माह में स्वयं सहायता समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकिंग का लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
JALAUN NEWS: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एन.आर.एल.एम.) के अंतर्गत आज जिला ग्राम्य विकास प्रशिक्षण संस्थान, बोहदपुरा में बैंकर्स उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिलाधिकारी ने कार्यशाला में उपस्थित समस्त बैंकों के शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि एक माह के भीतर सीएम युवा एवं स्वयं सहायता समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकेज का लक्ष्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि बैंकों को अपना सीडी रेशियो सुधारने के लिए सक्रिय प्रयास करने चाहिए। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाखा प्रबंधकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में एनआईआरडी हैदराबाद से आए नेशनल रिसोर्स पर्सन ओम प्रकाश खाखेर एवं जितेन्द्र यादव ने प्रतिभागियों को एनआरएलएम एवं बैंक क्रेडिट लिंकेज से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में समूह की महिलाएं रोजगार कर रही हैं, किंतु पूंजी के अभाव में अपने कार्य का विस्तार नहीं कर पा रहीं। इसीलिए शासन की प्राथमिकता है कि उन्हें बैंक क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। ओम प्रकाश खाखेर ने कहा कि “यदि किसी गांव में अधिक समूहों को सीसीएल प्रदान करना है, तो शाखा प्रबंधक स्वयं गांव जाकर कार्यवाही पूरी करें, ताकि महिलाओं को बार-बार बैंक न आना पड़े। कार्यशाला में बैंक सखियों द्वारा बैंक क्रेडिट लिंकेज में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को साझा किया गया। उपायुक्त (स्वरोजगार) अखिलेश तिवारी ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि समूह की महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न दी जाए तथा उनके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, इंडियन बैंक, वरिष्ठ प्रबंधक यूपी ग्रामीण बैंक, जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं बैंक सखियां उपस्थित रहीं।