Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दिसंबर तक मिल सकती है ऑपरेशन सुविधा
FATEHPUR NEWS: जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज (अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय) में दीपावली के बाद मरीजों के लिए भर्ती सेवा शुरू हो जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने दूसरी मंजिल पर 100 बेड की व्यवस्था के साथ चार वार्ड तैयार किए हैं। इन वार्डों में ऑक्सीजन सप्लाई का काम भी पूरा कर लिया गया है। पिछले साल सितंबर 2024 में ओपीडी सेवा शुरू होने के बावजूद, भर्ती की सुविधा न मिलने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों या कानपुर जाना पड़ता था। अब मेडिकल कॉलेज में भर्ती सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, सर्जरी (ऑपरेशन थिएटर) सेवाओं का लाभ लेने के लिए मरीजों को दिसंबर तक और इंतजार करना होगा। कॉलेज प्रशासन चौथी मंजिल पर ओटी सुविधा शीघ्र शुरू करने की तैयारी में जुटा है। प्राचार्य डॉ. राजेश मौर्या के अनुसार, ओटी शुरू होने में देरी का मुख्य कारण ऑक्सीजन सिलिंडर पहुंचाने के लिए ट्रक के आने-जाने का रास्ता न होना है। कार्यदायी संस्था युद्ध स्तर पर रास्ता बनाने के काम में लगी हुई है, जिसके दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। रास्ता तैयार होते ही ओटी सेवा भी प्रारंभ कर दी जाएगी।
वहीं मेडिकल कॉलेज के शुरू होने की खबर से जिले में खुशी का माहौल है। फतेहपुर निवासी महताब खान ने कहा कि अब छोटे-छोटे ऑपरेशन या गंभीर मरीजों को कानपुर या प्रयागराज नहीं ले जाना पड़ेगा। यह जिले के लिए बड़ी सुविधा है।
खागा की नीलम देवी ने कहा कि महिलाओं को मातृत्व संबंधी इलाज के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा, यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत है। बस स्टॉप पर फल के व्यापारी मोहम्मद सिराज ने कहा कि मेडिकल कॉलेज से न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं सुधरेंगी बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था में भी तेजी आएगी। वहीं कई अन्य युवाओं का कहना रहा है कि मेडिकल कॉलेज से जिले में रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन तय समय सीमा में मेडिकल कॉलेज को पूरी तरह से क्रियाशील कर देगा, जिससे जिले के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं घर के नजदीक तथा अपने ही जनपद में मिल सकेंगी।