दिवाली पर चित्रकूट आने – जाने के लिए रोडवेज की चलेंगी 35 बसें

दिल्ली रूट पर भी चलेंगी 4 अतिरिक्त बसें

FATEHPUR NEWS: जनपद में रोडवेज विभाग ने दिवाली पर्व पर चित्रकूट धाम के दीपावली मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालु बाबा कामतानाथ के दर्शन के लिए चित्रकूट पहुंचेंगे। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज विभाग ने मेले के लिए दो दिनों तक 35 बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है। ये बसें 24 घंटे संचालित होंगी ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। यह विशेष संचालन दीपावली से एक दिन पहले शुरू हो जाएगा। अनुमान है कि 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस दीपावली मेले में फतेहपुर जिले से प्रतिदिन लगभग पाँच हजार श्रद्धालु कामतानाथ बाबा के दर्शन के लिए आते-जाते हैं। अधिकांश श्रद्धालु दीपावली से एक दिन पहले पहुंचकर, पर्व के दिन दर्शन कर लौटते हैं। कुछ श्रद्धालु दीपावली के दिन ही मंदाकिनी नदी में स्नान कर दर्शन करते हैं और मेला देखते हैं।
मेले में स्थानीय लोग दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन करते हैं और श्रद्धालु रात में कीर्तन में शामिल होते हैं। दीपावली के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज विभाग ने दिल्ली रूट पर भी चार अतिरिक्त बसों का संचालन करने की तैयारी की है। ये बसें भी पर्व के दो दिन पहले से दो दिन बाद तक 24 घंटे संचालित होंगी। रोडवेज विभाग की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इस पर्व पर श्रद्धालु और घर आने वाले लोग बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *