लगातार जारी है मिशन शक्ति का अभियान, पुलिस कर रही जागरूक

महिलाओं एवं बालिकाओं को किया जा रहा है सशक्त

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत सोमवार को फतेहपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर एण्टी रोमियो टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्र के अंतर्गत सभी गांव –  कस्बों आदि में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा तैनात की गई टीमों ने विभिन्न बाजार, चौक – चौराहे और धार्मिक स्थलों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों का दौरा किया। यहां महिलाओं और बालिकाओं को शासन तथा पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एम्बुलेंस-108, महिला हेल्पलाइन-181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930 के उपयोग की विधि भी समझाई गई। पुलिस टीम ने जागरूकता संदेश वाले पंपलेट भी वितरित किए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान के बाबत पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग हर स्तर पर महिलाओं के साथ खड़ा है और सुरक्षा से संबंधित हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *